Badaun news: पुलिस की मिलीभगत से फल फूल रहा नशे का कारोबार, परचून की दुकानों पर बिक रही शराब


Badaun news: जनपद के उसहैत थाना क्षेत्र अंतर्गत नोली चौकी इलाके में अवैध शराब बिक्री का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों की कथित सह पर क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को क्षेत्र में एक नाबालिग को देशी शराब बेचते हुए देखा गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह कम उम्र का लड़का खुलेआम शराब की बिक्री कर रहा है। यह मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा है और इसकी जानकारी पुलिस को भी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी इस धंधे को संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
गौरतलब है कि नाबालिग द्वारा शराब बेचना कानूनन अपराध है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती हैं। क्षेत्र के लोगों ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाता है।सीओ उझानी सुनील सिंह ने बताया कि वीडियो का मामला सामने आया है। शराब बिक्री कि पहले भी शिकायतें मिली है। मामले की जांच कराने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।                   

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ